झारखंड के पुरस्कार-विजेता फिल्मकारों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से की मुलाकात, फिल्म विकास को मिलेगा नया बढ़ावा

Spread the love

रांची, 22 जुलाई 2026: झारखंड के युवा पुरस्कार-विजेता फिल्मकारों ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड के कलाकार, निर्देशक और फिल्मकार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।


मुख्यमंत्री से मिलने वालों में बीजू टोप्पो, सेराल मुर्मू, निरंजन कुजूर, रवि राज मुर्मू, अनुज कुमार और मानसिंह बास्के शामिल थे। फिल्मकारों ने अपनी फिल्मों, निर्देशन कार्यों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों की जानकारी साझा की। इनकी फिल्मों ने झारखंड की जनजातीय, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति और जनजातीय पहचान को फिल्मों के माध्यम से वैश्विक मंच तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार फिल्म निर्माण, शूटिंग, तकनीकी प्रशिक्षण और स्थानीय कलाकारों को अवसर उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

बैठक के दौरान फिल्मकारों ने राज्य में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने, स्थानीय कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और झारखंड को एक उभरते हुए फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए अपने सुझाव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में झारखंड को फिल्म डेवलपमेंट के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार सकारात्मक और प्रभावी कदम उठाएगी।

Leave a Reply