20 दिनों से जारी झारखंड आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त, दो दिनों में देंगे योगदान ।

Spread the love

रांची: झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ की 20 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई। हड़ताल के अंतिम दिन राज्यभर के डाटा एंट्री ऑपरेटर संवर्ग के कर्मचारियों ने स्मार्ट सिटी, धुर्वा स्थित JSLPS ग्रामीण विकास विभाग के राज्य कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन और धरना दिया।


प्रदर्शन के दौरान JSLPS के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल, IAS ने संघ एवं महासंघ के प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया। प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता में संघ की प्रमुख मांगों पर चर्चा की गई। संघ के अनुसार, उनकी सभी मुख्य मांगों को आगामी जी.बी. (Governing Body) की बैठक में भेजने के संबंध में पत्र जारी किया गया है।


वार्ता के बाद संघ की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में हड़ताल समाप्त करने और सभी डाटा एंट्री ऑपरेटरों के अपने-अपने कार्यालय में योगदान देने का निर्णय लिया गया।


संघ ने कहा कि मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल पर भरोसा और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राज्यभर के डाटा एंट्री ऑपरेटर संवर्ग ने अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की है। संघ के मुताबिक, सभी डाटा एंट्री ऑपरेटर दो दिनों के अंदर अपने कार्यालय में योगदान कर लेंगे।


आंदोलन के दौरान राज्य के 24 जिलों से डाटा एंट्री ऑपरेटर रांची पहुंचे। संघ के अनुसार, करीब 375 डाटा एंट्री ऑपरेटर लगातार बारिश के बीच भी धरना और प्रदर्शन में डटे रहे।
वार्ता में महासंघ के महामंत्री सुनील कुमार साह, संघ के अध्यक्ष करन कुमार गुप्ता, महासचिव पंकज कुमार, उपाध्यक्ष मो. रिजवान आलम, मयंक प्रियदर्शिनी, धीरज कुमार, अंजली कुमारी, ऋचा कुमारी, पूजा कुमारी, मुकेश कुमार, मनोज कुमार मंडल, एडवर्ड होरो और लौरेंस तिर्की समेत अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।


संघ ने उम्मीद जताई है कि JSLPS की ओर से उनकी सभी मांगों को जल्द लागू किया जाएगा। हड़ताल समाप्त होने के बाद अब डाटा एंट्री ऑपरेटरों के दोबारा अपने कार्यालयों में योगदान देने की प्रक्रिया शुरू होगी।

Leave a Reply