
राजधानी रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में आज चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2025 का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने किया। झारखंड की संस्कृति, लोककला और परंपरा की झलक पेश करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ इस चैंपियनशिप का शानदार आगाज़ हुआ।


मुख्यमंत्री ने कहा – झारखंड के लिए गर्व का क्षण
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद झारखंड को सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी का अवसर मिला है, जो राज्य के लिए गर्व और सम्मान की बात है।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में दक्षिण एशिया के विभिन्न देशों — भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका — के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन झारखंड के खेल परिदृश्य को नई पहचान देगा।


खेल के प्रति युवाओं में है उत्साह और समर्पण
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के युवा खेल के प्रति समर्पित और उत्साही हैं।
क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी सहित कई खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस चैंपियनशिप में भी झारखंड के खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राज्य का गौरव बढ़ाएंगे।

राज्य में खेलों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेलों के लिए बेहतर आधारभूत संरचनाएं उपलब्ध हैं। राज्य सरकार इनका उपयोग करते हुए भविष्य में और भी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को बढ़ावा देगी।
उन्होंने कहा कि खेल विभाग और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बीच बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप यह आयोजन भव्य और सफल रूप से संपन्न हो रहा है।
अतिथियों का अभिनंदन और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल एवं श्रीलंका से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि झारखंड की समृद्ध संस्कृति और लोकनृत्य के माध्यम से सभी अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से खेल भावना और सौहार्द का विस्तार हो।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर खेल मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, कृषि मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, श्रीमती श्वेता सिंह, श्री सुरेश बैठा, सैफ के अध्यक्ष डॉ. ललित भनोट, भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष एवं पद्मश्री श्री बहादुर सिंह सागू, पद्मश्री श्रीमती कृष्णा पूनिया सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।






























