
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन एवं जाहेरथान कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी 29 दिसंबर 2025 को जमशेदपुर के दिशोम जाहेर, करनडीह में आयोजित होने वाले 22वें संथाली ‘पारसी माहा’ तथा ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में सम्मिलित होने का सादर आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने संथाली भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में पारसी माहा और ओल चिकी लिपि के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि यह समारोह संथाली समाज की सांस्कृतिक पहचान और भाषाई चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने संथाली भाषा और आदिवासी संस्कृति की समृद्ध परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार आदिवासी भाषाओं और साहित्य के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का माध्यम बताया।
इस अवसर पर ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के महासचिव रविंद्र नाथ मुर्मू, सहायक महासचिव मानसिंह मांझी, जाहेरथान कमेटी के कार्यकारी सदस्य सागेन हंसदा एवं शंकर हेंब्रम उपस्थित थे।