
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता अमर वीर शहीद निर्मल महतो की जयंती के अवसर पर जेल मोड़, रांची स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन राज्य के आदिवासी-मूलवासियों के हक-अधिकार की लड़ाई को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो का झारखंड आंदोलन में अमूल्य योगदान रहा है और उनके विचार आज भी राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं और ऐसे वीर सपूतों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। आज का युवा वर्ग शहीद निर्मल महतो को अपना मार्गदर्शक मानता है और उन पर गर्व करता है। आने वाले समय में भी उनके विचारों को जीवंत रखते हुए राज्य आगे बढ़ता रहेगा।

