
रांची। झारखंड में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। राज्य के कुल 48 नगर निकायों में 23 फरवरी 2026 को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 फरवरी 2026 को मतों की गिनती होगी।
इस बार चुनाव प्रक्रिया में एक बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य के कुल 1087 वार्डों में मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से नहीं, बल्कि बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग के अनुसार, यह निर्णय प्रशासनिक और तकनीकी कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। सभी नगर निकायों में एक ही दिन शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।
नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में भी हलचल तेज हो गई है। प्रत्याशियों के चयन और प्रचार-प्रसार को लेकर गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में चुनावी माहौल और अधिक गरमाने की उम्मीद है।
