
रांची/पटना। आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा (रांची) ने गुरुवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बाबा ग्रुप और चावल के आढ़तियों से जुड़े झारखंड व बिहार के कुल 45 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इस कार्रवाई से पूरे राइस मार्केट में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई इस छापेमारी में करीब 500 आयकर अधिकारी शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक छापेमारी जारी है और इसके दो दिनों से अधिक समय तक चलने की संभावना जताई जा रही है।
आयकर अधिकारियों को छापेमारी के दौरान चावल के कच्चा व्यापार (अन-अकाउंटेड ट्रेड) से जुड़े बड़ी मात्रा में दस्तावेज मिले हैं। इन दस्तावेजों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का लेखा-जोखा दर्ज बताया जा रहा है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
📍 इन शहरों में छापेमारी
झारखंड: रांची (15 ठिकाने), जमशेदपुर
बिहार: गया (10), औरंगाबाद (10), पटना
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई में 15 चावल आढ़तियों को भी निशाना बनाया गया है, जिनके सबसे अधिक ठिकाने गया और औरंगाबाद में हैं। आढ़तियों के परिसरों से कच्चा व्यापार से संबंधित भारी मात्रा में दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
छापेमारी की खबर फैलते ही कई व्यापारियों के हिसाब-किताब देखने वाले अकाउंटेंट और चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) फरार हो गए हैं। आयकर विभाग उनकी तलाश में जुटा हुआ है।
🏭 कंपनियों पर भी शिकंजा
इस कार्रवाई के दायरे में बाबा एग्रो फूड, बाबा फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड और चावल व्यापार से जुड़े आढ़तियों के प्रतिष्ठान शामिल हैं।
बाबा एग्रो फूड प्रोसेसिंग के मैनेजिंग डायरेक्टर योगेश साहू हैं।
कंपनी के निदेशकों में एस. मोहंती, राज कुमार लाखोटिया, संचिता जयसवाल शामिल हैं।
कंपनी का टर्नओवर लगभग 300 करोड़ रुपये बताया जाता है और यह शेयर मार्केट में लिस्टेड है।
बाबा एग्रो फूड से जुड़े अन्य निदेशकों में मनीष कुमार, राखी साहू, एकता साहू, अमित कुमार शामिल हैं, जबकि ज्ञान प्रकाश साहू कंपनी के CFO हैं।
कंपनी का कुल टर्नओवर 1500 करोड़ रुपये तक बताया जा रहा है। कंपनी के माध्यम से सामान्य व बासमती चावल, जबकि बाबा फूड प्रोसेसिंग के जरिए आटा, सूजी और मैदा का व्यापार किया जाता है। आयकर विभाग ने इस मामले में कंपनी निदेशकों को भी जांच के दायरे में लिया है।