
रांची : झारखंड सरकार राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर और हुनरमंद बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी (JSDMS) के तत्वावधान में आयोजित ‘झारखंड कौशल उत्कर्ष’ प्रतियोगिता के भव्य समापन समारोह में 39 प्रतिभाशाली विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के माननीय मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव ने घोषणा की कि राज्य के सभी प्रखंडों में नए कौशल केंद्र खोले जाएंगे, ताकि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को उनकी जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण घर के पास ही उपलब्ध हो सके।

मंत्री श्री यादव ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ये युवा केवल झारखंड के नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राज्य के राजदूत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये विजेता India Skills Competition 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड और भारत का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता के स्वर्ण एवं रजत पदक विजेता आगामी माह में ओडिशा, कर्नाटक और तमिलनाडु में होने वाले अगले चरण में भाग लेंगे, जहाँ से चयनित प्रतिभागी चीन में आयोजित विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मंत्री ने कहा कि झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी (JSDMS) राज्य के युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने में एक सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। यह दिन झारखंड के कौशल विकास इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा।
कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा औद्योगिक साझेदारियों और वैश्विक प्लेसमेंट के लिए कई प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (MoUs) पर भी हस्ताक्षर किए गए, जिससे प्रशिक्षित युवाओं के लिए देश-विदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
समारोह में रांची के उप-श्रमायुक्त-सह-जिला कौशल पदाधिकारी एवं उनकी पूरी जिला टीम को कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और बेहतर प्रबंधन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंत्री ने टीम के समर्पण और कार्यकुशलता की मुक्त कंठ से सराहना की।
झारखंड सरकार का यह प्रयास राज्य के युवाओं को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।