रांची मेयर पद के सभी 19 उम्मीदवार स्क्रुटनी में योग्य, चुनावी प्रक्रिया तेज

Spread the love

रांची में नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत मेयर पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की स्क्रुटनी प्रक्रिया गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। समाहरणालय स्थित निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय पर सभी नामांकन पत्रों की जांच की गई।


स्क्रुटनी के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज, शपथ पत्र, प्रस्तावक-समर्थक से संबंधित जानकारी सहित सभी आवश्यक औपचारिकताओं की गहन जांच की गई। जांच के बाद मेयर पद के लिए नामांकन करने वाले सभी 19 अभ्यर्थियों को योग्य घोषित किया गया है।


योग्य घोषित अभ्यर्थियों में रमा खलखो, सुनील फकीरा कच्छप, देवी दयाल मुण्डा, कथरीना तिर्की, सोनू खलखो, राजेन्द्र मुण्डा, सुजाता कच्छप, विनोद कुमार बड़ाईक, संजय कुमार टोप्पो, प्रवीण कच्छप, सुमन कांत तिग्गा, अजीत लकड़ा, किरण कुमारी, सुरेंद्र लिंडा, रौशनी खलखो, रामशरण तिर्की, सुजीत कुमार कुजूर, सुजीत बिजय आनंद कुजूर और बीरू तिर्की शामिल हैं।


निर्वाचन से संबंधित आगामी प्रक्रिया के तहत नाम वापसी और चुनाव प्रतीक आवंटन की कार्रवाई निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी। जिला प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की बात कही है।


साथ ही सभी अभ्यर्थियों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने की अपील भी की गई है।

Leave a Reply