कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी में भव्य वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

Spread the love

धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की पावन भूमि पर अवस्थित कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी का सम्पूर्ण परिसर दिनांक 07 फरवरी 2026 को आयोजित वार्षिकोत्सव-सह-पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर उत्सवमय वातावरण में सुसज्जित दिखाई दिया। विद्यालय परिसर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, सम्मानित अतिथिगण, अभिभावकों, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों तथा छात्रों के स्वागत के लिए आकर्षक रूप से सजाया गया था।


कार्यक्रम के आरंभ में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक नागपुरी वेश-भूषा में स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का भव्य स्वागत किया और उन्हें कार्यक्रम स्थल तक ससम्मान लेकर गए। स्वागत नृत्य और गणेश वंदना के साथ समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री रवीन्द्र नाथ महतो उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्वान महाधिवक्ता श्री राजीव रंजन तथा सम्मानित अतिथि के रूप में डॉ. एस.पी. अग्रवाल एवं अधिवक्ता श्री बी.एन. झा उपस्थित थे। विद्यालय समूह के उपाध्यक्ष श्री प्रभाष कुमार झा, प्राचार्या श्रीमती प्रियम्दा झा, निदेशक श्री मिथिलेश कुमार मिश्र, ट्रस्टी सदस्य श्री विकास झा तथा शैक्षणिक सलाहकार श्री टी.पी. झा ने संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।


विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रियम्दा झा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, छात्रों की प्रतिभाओं एवं वर्षभर की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की।


मुख्य अतिथि श्री रवीन्द्र नाथ महतो ने अपने संबोधन में प्रारंभिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का आधार है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुसार उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें, जिससे वे अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकें।


विशिष्ट अतिथि श्री राजीव रंजन एवं अन्य अतिथियों ने भी छात्रों को प्रेरित करते हुए शिक्षा के महत्व, अनुशासन और नैतिक मूल्यों पर जोर दिया।


समारोह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा छात्रों द्वारा कुल 17 आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां जैसे नृत्य, गीत एवं नाटक प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।


कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह वार्षिकोत्सव समारोह विद्यालय के छात्रों की प्रतिभा, अनुशासन और सांस्कृतिक समृद्धि का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।

Leave a Reply