मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.बी.के. सुब्रमण्यम की मुलाकात, स्वदेशी कैंसर उपचार मशीन पर हुई चर्चा

Spread the love

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.बी.के. सुब्रमण्यम ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी स्वनिर्मित अत्याधुनिक कैंसर उपचार मशीन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


वैज्ञानिक सुब्रमण्यम ने बताया कि यह मशीन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से विकसित की गई है और वर्तमान में देश-विदेश के कई बड़े अस्पतालों में कैंसर के इलाज में सफलतापूर्वक उपयोग की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह मशीन कैंसर जैसी गंभीर और असाध्य बीमारी के इलाज में काफी प्रभावी साबित हो रही है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए वैज्ञानिक जी.बी.के. सुब्रमण्यम की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मशीन कैंसर मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है और इससे कैंसर के सफल इलाज की संभावना और अधिक मजबूत होगी।


मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि झारखंड सरकार राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। अस्पतालों में जांच और इलाज की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि राज्य के कैंसर मरीजों को अपने ही राज्य में अत्याधुनिक उपचार मिल सके और उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े।


उन्होंने यह भी कहा कि कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास करने को तैयार है।


इस अवसर पर विधायक राजेश कच्छप भी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.बी.के. सुब्रमण्यम पनाशिया लिमिटेड, बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक हैं और वे भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के सहयोगी भी रह चुके हैं। उन्होंने उनके साथ कई महत्वपूर्ण अनुसंधान कार्य किए हैं। उनकी विकसित की गई कैंसर उपचार मशीन आज देश और विदेश के कई प्रतिष्ठित अस्पतालों में उपयोग हो रही है।

Leave a Reply