
रांची सहित झारखंड के कई इलाकों में सोमवार रात करीब 8 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने पहले ही 23 और 24 फरवरी को तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई थी। सोमवार दिनभर हल्के बादल छाए रहे और रात होते ही तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।

जानकारी के मुताबिक चतरा, हजारीबाग और लातेहार जिलों में भी बारिश दर्ज की गई। तेज आंधी के कारण कई जगह धूल उड़ती देखी गई और आम के पेड़ों पर लगे मंजर गिरने लगे।
बारिश के कारण तापमान में अचानक गिरावट आई है और अगले दो दिनों तक तापमान में कमी बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 24 फरवरी को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान जताया है।