
झारखंड के रांची से सोमवार की शाम दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एयर एंबुलेंस के क्रैश होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के बाद पलामू के आगे एयरक्राफ्ट का संपर्क एटीसी से टूट गया था। एयरक्राफ्ट में एक मरीज समेत कुल सात लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार यह एयर एंबुलेंस चतरा जिला के सिमरिया थाना क्षेत्र के झुमरी बागी गांव के पास कसियातु जंगल में क्रैश हो गई। दुर्घटनाग्रस्त एयर एंबुलेंस रेड बर्ड एविएशन की बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि शाम करीब 7:34 बजे एयर एंबुलेंस का संपर्क एटीसी से टूट गया था। रांची से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान से संपर्क समाप्त हो गया। इसके बाद चतरा जिला पुलिस को सूचना मिली कि सिमरिया के कसियातु, झुमरी बागी इलाके में एयर एंबुलेंस क्रैश हो गई है।
स्थानीय नागरिकों की सूचना पर चतरा जिले की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है।
समाचार लिखे जाने तक एयर एंबुलेंस में सवार मरीज, उनके परिजन और चालक दल के सदस्यों की स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।