
रांची: झामुमो के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा झारखंड बजट पर लगाए गए आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक हताशा में आकर बजट को दिशाहीन और रंगहीन बता रही है, जबकि यह बजट आम जनता के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
विनोद पांडेय ने कहा कि बजट में महिला सशक्तिकरण के लिए 34,211 करोड़ रुपये का जेंडर बजट, बच्चों के कल्याण के लिए 10,793 करोड़ रुपये का बाल बजट शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए 1,000 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के लिए 730 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विकास के तहत दशम, जोन्हा और हुण्डरू जलप्रपात समेत राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाएगा। साथ ही वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के माध्यम से 1.24 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे लगभग 45 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है।

झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा को महिलाओं, किसानों, युवाओं और गांवों के विकास की योजनाएं “लूट” इसलिए दिखाई दे रही हैं क्योंकि यह बजट बिचौलियों के बजाय सीधे जनता को लाभ पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि धान खरीद, छात्रवृत्ति, पेंशन और गैस सिलेंडर जैसे मुद्दों पर फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब यही बजट है, जिसमें सामाजिक सुरक्षा और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण को मजबूत किया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के संसाधनों के संतुलित उपयोग से ही विकास संभव है और यही इस बजट की मूल भावना है। पहली बार स्थानीय निकायों को 1172 करोड़ 66 लाख रुपये का अनुदान देकर सरकार ने विकेंद्रीकृत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा के पास न तो गांवों के विकास का कोई वैकल्पिक विजन है और न ही महिलाओं के सशक्तिकरण का कोई ठोस खाका है। उन्होंने कहा कि भाजपा तथ्यहीन आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट झारखंड को आत्मनिर्भर और समतामूलक विकास के नए दौर में ले जाएगा।