रांची नगर निगम चुनाव में अव्यवस्था पर कार्रवाई, राज्य निर्वाचन आयोग ने डीसी को जारी किया कारण बताओ नोटिस

Spread the love

रांची: रांची नगर निगम चुनाव के मतदान दिवस पर हुई अव्यवस्था, वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और बूथ गठन में त्रुटियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।


मंगलवार को यह कारण बताओ नोटिस उपायुक्त कार्यालय को प्राप्त करा दिया गया। नोटिस में मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा गया है कि 23 फरवरी को मतदान के दिन रांची नगर निगम क्षेत्र में मतदाता सूची और मतदान केंद्रों के गठन में त्रुटियों के कारण मतदाताओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आयोग ने इसे गंभीर मामला बताया है।


राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि लोक सेवकों की जिम्मेदारी है कि चुनाव प्रक्रिया त्रुटिरहित हो और मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग में किसी प्रकार की परेशानी न हो।


आयोग ने उपायुक्त को निर्देश दिया है कि मतदाता सूची तैयार करने, वार्डवार मतदाता सूची के विखंडन तथा बूथ निर्माण से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों को चिन्हित किया जाए। साथ ही बीएलओ समेत संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा सहित जांच प्रतिवेदन सात दिनों के भीतर उपलब्ध कराया जाए।
आयोग के इस कदम को चुनाव व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply