जमशेदपुर में बनेगा 100 करोड़ का श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रखी आधारशिला

Spread the love

जमशेदपुर, 26 फरवरी 2026: जमशेदपुर के कदमा स्थित मरीन ड्राइव परिसर में श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन तथा केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान विशेष रूप से उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शिलापट्ट का अनावरण कर श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला रखी। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया गया।


लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस केंद्र की रूपरेखा ओडिशा के पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर तैयार की जाएगी। इस केंद्र का संचालन श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि कुछ संस्थाएं केवल स्वयं के लिए नहीं बल्कि मानव जीवन को भी दिशा देती हैं। उन्होंने श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना को सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट की सोच और उद्देश्य की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह केंद्र एक भव्य और ऐतिहासिक पहचान बनेगा।


कार्यक्रम में सांसद बिद्युत बरन महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टी.वी. नरेंद्रन, ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी एस.के. बेहरा, ट्रस्टी मनोरंजन दास एवं श्रीधर प्रधान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए।


यह आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र भविष्य में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

Leave a Reply