
पटना: बिहार की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर सामने आई। इस खबर के बाद पटना में जेडीयू समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की।

दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से उनकी इच्छा रही है कि वे राज्यसभा सदस्य बनें। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में जो नई सरकार बनेगी, उसे वे मार्गदर्शन देते रहेंगे।
इधर इस खबर के सामने आते ही पटना में जेडीयू कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में समर्थक मुख्यमंत्री आवास के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे।

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब जेडीयू के ही नेताओं को अपने कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि जेडीयू एमएलसी संजय गांधी को वहां से निकलना पड़ा, जबकि बीजेपी कोटे से मंत्री सुरेंद्र मेहता की गाड़ी को भी जेडीयू समर्थकों ने रोक दिया।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पटना पहुंच चुके हैं। जानकारी के अनुसार वह बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास जा सकते हैं और इसके बाद एनडीए के राज्यसभा उम्मीदवारों के नामांकन कार्यक्रम में भी शामिल हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा शुरू हो गई है कि अगर नीतीश कुमार दिल्ली की राजनीति में जाते हैं तो बिहार की कमान किसके हाथ में जाएगी।
फिलहाल पटना में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी की नजरें राज्यसभा नामांकन और बिहार की नई राजनीतिक स्थिति पर टिकी हुई हैं।