रांची में मंईयां सम्मान योजना के तहत 3.87 लाख महिलाओं को फरवरी की राशि जारी, खातों में भेजे गए 96.79 करोड़ रुपये

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को फरवरी माह की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिले की 3 लाख 87 हजार 174 महिलाओं के बैंक खातों में आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 2500 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 96 करोड़ 79 लाख 35 हजार रुपये की राशि भेजी गई है।


जिला प्रशासन ने बताया कि इससे पहले जनवरी माह की सम्मान राशि का भी सफलतापूर्वक भुगतान किया जा चुका है। इस योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।


फरवरी माह में रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में लाभुकों को भुगतान किया गया। इनमें कांके में सबसे अधिक 31,443 लाभुक, जबकि सदर शहरी क्षेत्र में 24,686 लाभुक को योजना का लाभ मिला। इसके अलावा मांडर, सिल्ली, चान्हो, रातू, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी और अन्य प्रखंडों में भी बड़ी संख्या में महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई।


उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि या विलंब न हो। यदि किसी लाभुक को राशि प्राप्त करने में समस्या आती है तो उसका त्वरित समाधान किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और जिला प्रशासन इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


रांची जिला प्रशासन ने जन शिकायतों के लिए अपना आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 भी जारी किया है, जहां नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।

Leave a Reply