
रांची: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रांची स्थित सेंटेविटा अस्पताल में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल की महिला डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेंटेविटा अस्पताल की कार्यकारी निदेशक श्रीमती रेशमा साहू रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है। महिलाओं की मेहनत, समर्पण और सेवा भावना ही मरीजों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करती है।

उन्होंने यह भी कहा कि समाज और कार्यस्थल दोनों जगह महिलाओं को समान अवसर मिलना जरूरी है, जिससे वे अपनी प्रतिभा और क्षमता के साथ आगे बढ़ सकें।
इस अवसर पर अस्पताल की महिला कर्मचारियों ने नृत्य, गायन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और उमंग से भर गया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्रीमती रेशमा साहू को प्रभात खबर और मॉल ऑफ रांची द्वारा आयोजित “वूमेन ऑफ इम्पैक्ट अवार्ड झारखंड” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, समाज सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया।
अस्पताल प्रबंधन ने इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण और कार्यस्थल पर समान अवसर उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।