
रांची: झामुमो विधायक संजीव सरदार के विधानसभा क्षेत्र पोटका से प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) – कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पोटका की छात्राओं ने झारखंड विधान सभा पहुंचकर सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया।

इस दौरान छात्राओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और विधान सभा की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। सदन की कार्यवाही देखने के बाद छात्राओं ने झारखंड विधान सभा के माननीय अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो से शिष्टाचार मुलाकात भी की।
इस अवसर पर अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने छात्राओं से बातचीत करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर पोटका के माननीय विधायक संजीव सरदार, विद्यालय के शिक्षकगण और अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। छात्राओं के लिए यह अनुभव काफी प्रेरणादायक और सीखने वाला रहा।
