
रांची: Sarala Birla Public School में शिक्षकों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक विशेष वेलनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को नई ऊर्जा, संतुलन और रचनात्मक प्रेरणा प्रदान करना था, ताकि वे आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।

कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें मधुबनी पेंटिंग कार्यशाला प्रमुख आकर्षण रही। इस कार्यशाला में शिक्षकों ने पारंपरिक मधुबनी कला की बारीकियों, रंगों और सांस्कृतिक महत्व को समझते हुए अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

इसके साथ ही फ्लावर डेकोरेशन सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों ने आकर्षक डिजाइन तैयार कर अपनी सृजनात्मक सोच को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आयोजित जुम्बा सत्र ‘वेलनेस वॉल्ट्ज’ ने माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। इस दौरान शिक्षकों ने शारीरिक व्यायाम के साथ-साथ आनंद का भी अनुभव किया।

शिक्षकों के संप्रेषण कौशल को और प्रभावी बनाने के लिए फोनेटिक्स वर्कशॉप का भी आयोजन किया गया, जिससे उनके शिक्षण कौशल में और निखार आएगा।
मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आर्ट ऑफ लिविंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों को आत्मचिंतन, विश्राम और मानसिक संतुलन बनाए रखने के तरीके बताए गए।

कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने कहा कि शिक्षकों का समग्र विकास अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम न केवल उनकी रचनात्मकता को बढ़ाते हैं, बल्कि उनके मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करते हैं।