
रांची: राजधानी रांची में बीते सोमवार रात करीब 9 बजे एक दुर्लभ प्रजाति के साँप रेड सैंड बोआ का सफल रेस्क्यू किया गया। यह घटना रांची एयरपोर्ट के सामने की है, जहां स्थानीय लोगों ने इस अनोखे साँप को देखा और तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक साँप को सुरक्षित पकड़ा। बाद में उसे वन विभाग को सौंप दिया गया, जहां से उसे सुरक्षित रूप से जू भेज दिया गया है।
बताया जाता है कि रेड सैंड बोआ एक दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति है, जो मुख्य रूप से राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों और उत्तर प्रदेश-राजस्थान बॉर्डर क्षेत्र में पाई जाती है। हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में भी यह कभी-कभार दिखाई दे जाता है।
यह साँप पर्यावरण के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यह छिपकली, चूहे जैसे छोटे जीवों को खाकर प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।
इसके दुर्लभ होने के कारण इसकी तस्करी के मामले भी सामने आते रहते हैं। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत यह प्रजाति संरक्षित है, और इसे पकड़ना, शिकार करना या इसकी तस्करी करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच जिज्ञासा के साथ-साथ जागरूकता भी देखने को मिली है।