
रांची | झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने हजारीबाग के विष्णुगढ़ में हुई 13 वर्षीय बच्ची की नृशंस हत्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने गुरुवार को प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि यह घटना न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि भाजपा की राजनीति का असली चेहरा भी उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे झारखंड को झकझोर देने वाली है और झामुमो पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। लेकिन इस संवेदनशील मामले को भाजपा द्वारा साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश बेहद निंदनीय और खतरनाक है।

विनोद पांडेय के अनुसार, जांच में सामने आया है कि इस जघन्य हत्या का मुख्य आरोपी भीम राम है, जो भाजपा से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है और पार्टी में बूथ अध्यक्ष के रूप में कार्यरत था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सच्चाई सामने आ चुकी है, तो भाजपा नेताओं को राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
झामुमो ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह हमेशा समाज में नफरत फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती है। पार्टी ने कहा कि भाजपा के पास न तो विकास का कोई ठोस एजेंडा है और न ही समाज को जोड़ने की सोच।
पार्टी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार समावेशी विकास और सामाजिक सौहार्द के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, राज्य सरकार ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
झामुमो ने भाजपा से यह भी पूछा कि क्या अब वे अपने द्वारा घोषित झारखंड बंद को वापस लेंगे और अपनी गलती स्वीकार करेंगे।
अंत में, झामुमो ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य में शांति व विकास की दिशा में कार्य करता रहेगा।