
रामगढ़ | झारखंड के रामगढ़ जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़ हुई है। इस एनकाउंटर में गैंग के सक्रिय सदस्य सनी सिंह को गोली लगी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना भुरकुंडा थाना क्षेत्र के दोमुहान मंदिर के पास सोमवार सुबह हुई। रामगढ़ एसपी अजय कुमार के निर्देश पर राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसआईटी टीम लगातार छापेमारी कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गैंग का सदस्य सनी सिंह भुरकुंडा क्षेत्र में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भुरकुंडा और पतरातू इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

छापेमारी के दौरान दोमुहान मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, आरोपी ने पुलिस वाहन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली थाना प्रभारी पतरातू की गाड़ी के शीशे और बंपर पर लगी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी सनी सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा भेजा गया।
पुलिस ने घटनास्थल से दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और राहुल दुबे गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।