
रांची | 05 मई 2026: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार मंगलवार को स्कूल वैन एवं बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया।
यह संयुक्त अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) प्रमोद कुमार केशरी के नेतृत्व में डोरंडा, श्यामली और जगन्नाथपुर क्षेत्रों में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान कुल 93 स्कूल वैन और बसों की गहन जांच की गई। इस दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज जैसे रोड टैक्स, फिटनेस सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस, परमिट और प्रदूषण प्रमाण पत्र की बारीकी से जांच की गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जा रहा हो।
जांच के दौरान कई वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। दस्तावेजों की कमी और ओवरलोडिंग के मामलों में 32 वाहनों पर कुल ₹2,04,550 का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, 78 वाहनों को नियमों का पालन न करने पर नोटिस जारी किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को केवल सुरक्षित और नियमों का पालन करने वाले वाहनों से ही स्कूल भेजें।
रांची जिला प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन हो।