वैभवश्री झारखंड फेडरेशन गठन की दिशा में पहल, महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन पर जोर

Spread the love

रांची, 29 मई 2026: सेवा भारती, झारखंड के स्वावलंबन आयाम ‘वैभवश्री’ (स्वयं सहायता समूह) को आर्थिक क्षेत्र में और अधिक विकसित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण योजना बैठक रांची के बिरसा चौक स्थित सेवा निकेतन में आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास तथा वैभवश्री झारखंड फेडरेशन के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी एवं वैभवश्री विषय के राष्ट्रीय संयोजक पद्म कुमार ने कहा कि वैभवश्री से जुड़ी महिलाएं संगठनात्मक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त हुई हैं तथा अब आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए ठोस योजनाओं को धरातल पर उतारने की आवश्यकता है।


उन्होंने बताया कि झारखंड में मुनगा, कटहल, जामुन, आंवला और महुआ जैसे वनोपज प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। इनके प्रसंस्करण और ब्रांडिंग के माध्यम से झारखंड के उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है। बड़े पैमाने पर उत्पादन होने पर देशभर में इनके लिए बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकता है।


वैभवश्री झारखंड की प्रभारी मंजूषा देशमुख ने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, सामाजिक विषयों पर जागरूकता बढ़ाना तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना वैभवश्री का प्रमुख उद्देश्य है।
राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा भारती जागरण, सहयोग, प्रशिक्षण और अध्ययन जैसे आयामों के माध्यम से विभिन्न सेवा संस्थाओं का मार्गदर्शन करती है। उन्होंने बताया कि सेवा भारती, झारखंड द्वारा संचालित कल्पतरु स्वावलंबन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक सफल पहल साबित हुई है।


बैठक में संस्था के कोषाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल, रमाकांत दुबे, ए. के. सिन्हा, शुभेन्दू भट्ट, नाबार्ड के पूर्व एजीएम विजय चौधरी सहित महिला समूह की प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Leave a Reply