JSLPS के NON-FTE कर्मचारियों के वेतन में 60% बढ़ोतरी की मांग, मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की अपील

Spread the love

रांची। झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (JSLPS) में कार्यरत NON-FTE कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी और लंबित मांगों को लागू करने की मांग की है। महासंघ के महामंत्री सुनील कुमार साह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए कर्मचारियों को न्याय दिलाने की अपील की है।

महासंघ का कहना है कि JSLPS में लगभग आठ से दस वर्षों से कार्यरत ऑफिस बॉय, ऑफिस अटेंडेंट और हाउस कीपर संवर्ग की मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। महासंघ ने आरोप लगाया है कि इन कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री सचिवालय के निर्देश के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

महासंघ के अनुसार, कर्मचारियों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय, झारखंड सरकार से भी पहल की गई थी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार उनके वरीय आप्त सचिव सुनील कुमार श्रीवास्तव ने आवश्यक कार्रवाई के लिए JSLPS के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी और ग्रामीण विकास विभाग के सचिव को पत्र भेजा था।

इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप महासंघ ने लगाया है।

कर्मचारियों के वेतन में अंतर पर उठाए सवाल

महासंघ ने JSLPS में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन में अंतर का मुद्दा भी उठाया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, JSLPS में आठ ऑफिस बॉय, हाउस कीपर और ऑफिस अटेंडेंट को 18 हजार से 28 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जा रहा है, जबकि प्रखंडों में कार्यरत ऑफिस बॉय को केवल 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाता है।

महासंघ का कहना है कि प्रखंडों में कार्यरत इन कर्मचारियों को केवल कार्यदिवसों का ही भुगतान किया जाता है और उन्हें कोई अवकाश भी नहीं दिया जाता है।

महासंघ ने समान काम के लिए समान वेतन के सिद्धांत का हवाला देते हुए कर्मचारियों के साथ हो रहे वेतन संबंधी अंतर को दूर करने की मांग की है।

डाटा एंट्री ऑपरेटरों के वेतन और लेवल का मुद्दा भी उठाया

महासंघ ने JSLPS में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) संवर्ग की समस्याओं को भी उठाया है। महासंघ के अनुसार, डाटा एंट्री ऑपरेटरों को मानव संसाधन नियमावली के लेवल-7 में शामिल नहीं किया गया है और 40,900 रुपये प्रतिमाह मानदेय की मांग भी अब तक पूरी नहीं हुई है।

प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि JSLPS में कुछ डाटा एंट्री ऑपरेटरों को 37,700 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं, जबकि अन्य कर्मचारियों को 23 हजार रुपये प्रतिमाह ही मिल रहे हैं।

महासंघ का आरोप है कि JSLPS में FTE संवर्ग के कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की गई है, लेकिन NON-FTE कर्मचारियों को वेतन वृद्धि का लाभ नहीं दिया गया है।

60 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी की मांग

महासंघ ने कहा है कि नई NRLM पॉलिसी में दोनों संवर्गों के पदों का उल्लेख होने के बावजूद उन्हें मानव संसाधन नियमावली के लेवल-7 और लेवल-8 में शामिल नहीं किया गया है।

महासंघ ने मुख्यमंत्री से JSLPS से यह स्पष्ट जानकारी लेने की मांग की है कि दोनों संवर्गों की जायज मांगों को अब तक लागू क्यों नहीं किया गया।

महासंघ के महामंत्री सुनील कुमार साह, अध्यक्ष देव नारायण सिंह मुंडा, सम्मानित अध्यक्ष मुक्तेश्वर लाल, संरक्षक गणेश प्रसाद सिंह, घर भरन राम, कमलेश कुमार, सुरेश कुमार, रामाशीष पासवान, सुरेश हाजरा, सनातन कुमार, मो. आलमगीर, अशोक कुमार, अजीत झा सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इन कर्मचारियों के साथ न्याय करने की मांग की है।

महासंघ ने दोनों संवर्गों के कर्मचारियों के वेतन में अन्य कर्मियों की वेतन वृद्धि की तुलना में 60 प्रतिशत बढ़ोतरी करने की मांग की है।

Leave a Reply