
राँची/बोकारो: देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें झारखंड के बोकारो जिले के जैनामोड़ की रहने वाली 26 वर्षीय सुरभि कुमारी भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सुरभि कुमारी जैनामोड़ के प्रसिद्ध व्यवसायी एवं विकास आटा चक्की के संचालक रमेश प्रसाद बरनवाल की पुत्री थीं। होटल में अचानक आग लगने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
सुरभि की मौत की खबर मिलते ही जैनामोड़ सहित पूरे बोकारो क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
यह हादसा एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।