सिमडेगा में झामुमो का विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन, संगठन मजबूती और मतदाता जागरूकता पर दिया गया जोर

Spread the love

सिमडेगा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति द्वारा गुरुवार को सिमडेगा नगर भवन में एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन, बीएलए-2 प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों तथा सिमडेगा, कोलेबिरा और तोरपा विधानसभा क्षेत्रों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।


कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों नेताओं का स्वागत जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना, जिला सचिव सफीक खान तथा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया।
सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा झामुमो के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।


अपने संबोधन में केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर और समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।


उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है। उन्होंने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने, पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा त्रुटियों के सुधार में सहयोग करने की अपील की।
कार्यशाला के दौरान बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों, नए मतदाताओं के पंजीकरण, संशोधन एवं विलोपन संबंधी नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

सम्मेलन के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पार्टी के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि, बूथ समिति सदस्य और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply