दिल्ली जंतर-मंतर से रांची तक गूंजा विरोध, कॉकरोच जनता पार्टी ने उठाई शिक्षा और रोजगार की मांग

Spread the love

रांची/नई दिल्ली : व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, परीक्षा अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ सोशल मीडिया से उभरी “कॉकरोच जनता पार्टी” ने शुक्रवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की।

इसी क्रम में झारखंड की राजधानी रांची स्थित बापू वाटिका, मोरहाबादी में पार्टी समर्थकों द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान इमाम सफी और शेख मोहसिन ने मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकारों से भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी शासन व्यवस्था लागू करने की मांग की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में वक्ताओं ने कहा कि देशभर में समय पर कदाचारमुक्त परीक्षाएं आयोजित होनी चाहिए तथा परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जानी चाहिए। साथ ही नि:शुल्क शिक्षा और रोजगार की गारंटी सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।

झारखंड सरकार से जेपीएससी, जेएसएससी और जेटेट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं को समय पर एवं पारदर्शी तरीके से आयोजित करने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि युवाओं का विश्वास बहाल हो सके।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि बेरोजगार और निराश युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो व्यापक जनआंदोलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकारों की होगी।

Leave a Reply