
रांची, 09 जून 2026: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के 126वें शहादत दिवस के अवसर पर आदिवासी छात्र संघ झारखंड द्वारा रांची स्थित बिरसा मुंडा जेल मोड़ पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उराँव के नेतृत्व में पदाधिकारियों और सदस्यों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उराँव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया था। उनका संघर्ष और बलिदान आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
रांची विश्वविद्यालय अध्यक्ष मनोज उराँव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष अन्याय, शोषण और दमन के खिलाफ पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने भगवान बिरसा मुंडा के सपनों के अनुरूप समाज निर्माण का संकल्प लिया और उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मौके पर राजू उराँव, विवेक तिर्की, प्रकाश भगत, संदीप उराँव, प्रवीण उराँव, मनीष उराँव, सोनू उराँव, बबलू उराँव सहित आदिवासी छात्र संघ के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
