
जामताड़ा, 11 जून 2026: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जामताड़ा जिला समिति द्वारा जामताड़ा के दुलाडीह नगर भवन में एक दिवसीय BLA-2 एवं बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, बूथ अध्यक्ष, सचिव एवं BLA-2 प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देना था।

कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने की। सम्मेलन की शुरुआत झारखंड आंदोलन के महानायक एवं झामुमो संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।

अपने संबोधन में विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम किसी भी स्थिति में सूची से नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची का सत्यापन करने, छूटे हुए मतदाताओं का नाम जुड़वाने तथा हटाए गए नामों को पुनः शामिल कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की पहचान है और आने वाले चुनावों में बूथ स्तर के कार्यकर्ता निर्णायक भूमिका निभाएंगे। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान और चुनावी तैयारियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और संगठन की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में अशोक मंडल, रवींद्र नाथ दुबे, प्रदीप कुमार मंडल, कैलाश प्रसाद, परेश यादव, इम्तियाज अंसारी, आनंद टुडू, बासुदेव मरांडी, चमेली देवी, लालू अंसारी, सगीर खान, मेरी मरांडी सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा झामुमो की विचारधारा और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
