
गिरिडीह, 14 जून 2026: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने रविवार को गिरिडीह स्थित उत्सव उपवन सभागार में बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर सह बूथ सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की। इसमें जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के प्रखंडों से बड़ी संख्या में बीएलए-2, बूथ कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर की इस प्रक्रिया में बूथ स्तर पर सतर्कता और सक्रियता बेहद आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि झामुमो इस चुनौती को भी मजबूती से पार करेगा।

गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने महिलाओं के नाम और दस्तावेजों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि विवाह के कारण महिलाओं का निवास स्थान बदलता है, इसलिए उनके दस्तावेजों की समय रहते जांच और तैयारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए और किसी भी फर्जी मतदाता का नाम सूची में नहीं जुड़ना चाहिए।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि पार्टी एसआईआर प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह गंभीर है। बूथ स्तर से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है ताकि पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र मतदाता शामिल न हो सकें।

राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में वरिष्ठ नेताओं से तत्काल संपर्क करने की अपील की। वहीं जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को लगातार प्रशिक्षण देकर मजबूत किया जा रहा है। धनवार के पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी ने अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम के दौरान रांची से आई विशेषज्ञ टीम ने एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा इससे संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी सभी बीएलए-2 और बूथ कमेटी के सदस्यों को उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।

इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, कृष्ण मुरारी शर्मा, दिलीप मंडल, बबली मरांडी, राकेश कुमार रॉकी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।




