
वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म truthsocial.com� पर एक पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के साथ समझौता पूरा हो गया है।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के साथ डील अब पूरी हो गई है। सभी को बधाई! मैं होर्मुज़ जलडमरूमध्य को बिना किसी शुल्क के खोलने की पूरी मंज़ूरी देता हूँ और साथ ही, अमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी को तुरंत हटाने का भी आदेश देता हूँ। दुनिया भर के जहाज़ों, अपने इंजन चालू करो। तेल का प्रवाह शुरू होने दो!”
ट्रंप के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। होर्मुज़ जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है और यहां होने वाले किसी भी बदलाव का असर दुनिया भर के ऊर्जा बाजारों पर पड़ सकता है।
हालांकि, ट्रंप के इस दावे को लेकर अभी तक अमेरिकी प्रशासन या ईरानी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में इस बयान को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस तरह का कोई समझौता वास्तव में लागू होता है, तो इसका असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार, तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया की भू-राजनीतिक स्थिति पर पड़ सकता है।
