मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ‘District Sandbox’ पहल का किया शुभारंभ, कहा- स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई और नवाचार ही भविष्य

Spread the love

रांची, 15 जून 2026। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची स्थित होटल बी.एन.आर. चाणक्य में आयोजित ‘MedTech Innovation Day’ कार्यक्रम में भाग लेते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार और तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘District Sandbox’ पहल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर इस महत्वाकांक्षी पहल की शुरुआत की।

भारतीय विकास ट्रस्ट (BVT) एवं PHIA फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई ‘District Sandbox’ पहल स्वास्थ्य तकनीकों और नवाचारों के वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण, मूल्यांकन और विस्तार को बढ़ावा देगी। इसके माध्यम से इनोवेटर्स और शोधकर्ताओं को सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली में अपनी तकनीकों की उपयोगिता परखने का अवसर मिलेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में सुधार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में नवाचार की अपार संभावनाएँ हैं और तकनीक आधारित समाधान विशेष रूप से ग्रामीण, जनजातीय एवं दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य की स्वास्थ्य व्यवस्था कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), बायो-इंजीनियरिंग और रियल-टाइम डेटा पर आधारित होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने IIT धनबाद के पूर्व छात्रों द्वारा विकसित बिना फिल्म वाली पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन का अवलोकन किया और स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐसे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी ताकि नई तकनीकों का लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने 745 ‘अबुआ मेडिकल स्टोर’ खोलने की योजना, मेडिकल कॉलेजों और डॉक्टरों की संख्या में वृद्धि तथा एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों, सरकारी अधिकारियों, इनोवेटर्स, शोधकर्ताओं और विकास क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। साथ ही स्वास्थ्य नवाचारों को बढ़ावा देने और उन्हें तेजी से लागू करने के विषय पर विशेष पैनल चर्चाओं का आयोजन भी किया गया।

Leave a Reply