अंगदान से कई जिंदगियों को मिल सकती है नई शुरुआत : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन।

Spread the love

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को बारियातू रोड स्थित एक होटल में आयोजित ‘Best Practices in Organ & Tissue Donation’ कार्यशाला में भाग लिया। यह कार्यशाला मोहन फाउंडेशन द्वारा आयोजित की गई थी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील विषय है, जो कई लोगों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियाँ ला सकता है। उन्होंने कहा कि अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने तथा इसके कानूनी पहलुओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। राज्य सरकार भी इस दिशा में सकारात्मक पहल कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान मानवता, करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने सरकार, स्वास्थ्य संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के माध्यम से आज लिवर और किडनी प्रत्यारोपण जैसे जटिल उपचार सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। झारखंड सरकार भी स्वस्थ झारखंड के निर्माण के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, मोहन फाउंडेशन की कंट्री हेड ललिता रघुराम, मणिपाल ऑर्गन शेयरिंग के कंट्री हेड कर्नल अवनीश सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

Leave a Reply