
रांची: राज्यसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम की जीत पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवीन्द्रनाथ महतो ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि बैद्यनाथ राम की जीत जनविश्वास, सामाजिक न्याय, समर्पण और जनसेवा की राजनीति की जीत है। उन्होंने कहा कि बैद्यनाथ राम का लंबा राजनीतिक अनुभव, संघर्षशील व्यक्तित्व और दूरदर्शी सोच राज्यसभा में झारखंड के हितों को मजबूती से रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रवीन्द्रनाथ महतो ने विश्वास जताया कि बैद्यनाथ राम राज्यसभा में झारखंड की आवाज़ को प्रभावी ढंग से उठाएंगे और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने उनके सफल, यशस्वी और जनहितकारी संसदीय कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनकी जीत से झारखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी।
राज्यसभा चुनाव में मिली इस जीत को झामुमो और उसके समर्थकों के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।
