
पटना: बिहार की राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। झारखंड के लातेहार जिले की रहने वाली दो सगी डांसर बहनों के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित बहनें फिलहाल पटना के मीठापुर इलाके में किराये के मकान में रह रही थीं।
जानकारी के अनुसार, 18 जून को दोनों बहनों को एक तिलक समारोह में डांस कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम स्थल पर ले जाने के बजाय उन्हें सुनसान जगह पर ले जाकर बंधक बनाया गया और पूरी रात उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

पीड़िताओं ने बताया कि भेलुरा रामपुर निवासी मुन्ना कुमार ने उन्हें 8 हजार रुपये में कार्यक्रम के लिए बुक किया था। वह दोनों को स्कूटी से अपने गांव लेकर गया, जहां उसके चचेरे भाई सूरज कुमार, भानु कुमार और अन्य युवकों ने कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
19 जून की सुबह आरोपियों द्वारा वापस लाए जाने के दौरान फुलवारीशरीफ इलाके में दोनों बहनों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवतियों को सुरक्षित संरक्षण में लिया और बाद में नौबतपुर थाना भेजा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़िताओं के बयान के आधार पर मुन्ना कुमार, सूरज कुमार और भानु कुमार समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दोनों पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
