
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले के खदानडुंगरी-संगुरी एरिया में यूरेनियम के नए भंडार की पहचान की गई है। इस क्षेत्र में अन्वेषण और पूर्वेक्षण कार्य शुरू करने के लिए केंद्र सरकार ने वन भूमि उपयोग की स्टेज-1 मंजूरी दे दी है।
जानकारी के अनुसार लगभग 0.225 हेक्टेयर क्षेत्र में जांच और अनुसंधान का कार्य किया जाएगा, जिसमें 0.142 हेक्टेयर वन भूमि शामिल है। विशेषज्ञों का मानना है कि पूर्वी सिंहभूम जिला पहले से ही यूरेनियम खनन के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र रहा है और जादूगोड़ा, मुसाबनी तथा पोटका जैसे इलाकों में पहले से खनन गतिविधियां संचालित हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक जिले के कई हिस्सों में यूरेनियम भंडार मिलने की संभावना है। बताया जा रहा है कि बनाडुंगरी-रिमरीगुड़ी क्षेत्र में करीब 11 हजार टन यूरेनियम का नया भंडार मिला है। विशेषज्ञों का दावा है कि यह भंडार आने वाले वर्षों में देश की परमाणु ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस खोज को झारखंड और देश के खनन क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अब अन्वेषण कार्य पूरा होने के बाद आगे की खनन प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा।
