
रांची: पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची द्वारा आयोजित ‘स्ट्राइड ऑफ चैंपियंस’ कार्यक्रम में घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण सर्जरी करा चुके मरीजों ने रैंप वॉक कर अपनी नई जिंदगी और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। होटल रमाडा में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मरीजों ने अपनी रिकवरी की प्रेरणादायक कहानियां साझा करते हुए बताया कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक, विशेषज्ञ उपचार और नियमित पुनर्वास के माध्यम से सर्जरी के बाद भी सामान्य, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन जिया जा सकता है।
कार्यक्रम में पारस हेल्थ के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. विवेक डेविड और उनकी टीम की देखरेख में सफल सर्जरी करा चुके मरीजों ने हिस्सा लिया। रैंप वॉक के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और यह संदेश दिया कि सही इलाज और देखभाल से जीवन को नई दिशा दी जा सकती है।

इस अवसर पर डॉ. विवेक डेविड ने कहा कि घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण केवल एक सर्जरी नहीं, बल्कि मरीजों को नई जिंदगी देने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि मंच पर मरीजों को आत्मविश्वास के साथ चलते देखना चिकित्सकों के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है और यह आयोजन उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो अब भी सर्जरी को लेकर संशय में हैं।
हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. नीतेश कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण सर्जरी को लेकर लोगों के मन में मौजूद भय, संकोच और भ्रांतियों को दूर करना है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिभागियों ने साबित कर दिया है कि उचित इलाज और देखभाल से मरीज न केवल सामान्य जीवन में लौट सकते हैं, बल्कि पहले की तरह सक्रिय और आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने रैंप वॉक में शामिल प्रतिभागियों के उत्साह, आत्मविश्वास और जज्बे की सराहना की।
