
चेन्नई: तमिलनाडु सरकार ने सरकारी अस्पतालों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात शिशु को 1 ग्राम सोने की अंगूठी उपहार स्वरूप दी जाएगी।

सरकार के अनुसार यह योजना 22 जून 2026 से जन्म लेने वाले बच्चों पर लागू होगी और इसका औपचारिक शुभारंभ 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा। योजना का लाभ लड़का और लड़की दोनों को समान रूप से मिलेगा। परिवार में जन्म लेने वाले प्रत्येक बच्चे को यह सुविधा प्रदान की जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस पहल से अधिक से अधिक लोग सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराएंगे, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। वर्तमान में सरकारी अस्पतालों में प्रसव का खर्च निजी अस्पतालों की तुलना में काफी कम है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तमिलनाडु में हर वर्ष सरकारी अस्पतालों में लाखों बच्चों का जन्म होता है। यदि जन्म दर इसी स्तर पर बनी रहती है तो सरकार को सालाना लगभग 420 किलोग्राम सोना वितरित करना पड़ सकता है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 600 करोड़ रुपये होगी।
योजना के तहत सुरक्षा के विशेष इंतजाम भी किए जाएंगे। नवजात के लिए तैयार की गई सोने की अंगूठी अस्पताल में सुरक्षित रखी जाएगी और अस्पताल से छुट्टी मिलने के समय बच्चे की मां को सौंपी जाएगी।
