
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पुलिस के नवप्रशिक्षित जवानों और अधिकारियों की पासिंग आउट परेड में शामिल होकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लगभग 30 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद सभी जवानों ने सेवा, अनुशासन और समर्पण का मार्ग चुना है, जो केवल नौकरी नहीं बल्कि जनसेवा और राष्ट्रहित का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बैच में करीब 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी झारखंड में महिला सशक्तिकरण की मजबूत तस्वीर पेश करती है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में महिला-पुरुष की समान भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हेमंत सोरेन ने बताया कि सरकार पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए आधुनिक आवासीय विद्यालय और पुलिस परिवारों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि सुरक्षा में जुटे जवानों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन मिल सके।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग, आधुनिक संसाधनों और जवानों की निष्ठा से झारखंड को सुरक्षित, सशक्त और विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य जरूर हासिल होगा। उन्होंने पुलिस विभाग को सफल प्रशिक्षण के लिए बधाई देते हुए सभी नवप्रशिक्षित जवानों एवं अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

