नशामुक्त झारखंड अभियान का भव्य समापन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी बोले- नशा करेगा बर्बाद, जागरूकता ही समाधान

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार के राज्यव्यापी निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता अभियान का गुरुवार को डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य “नशामुक्त झारखंड, स्वस्थ झारखंड” बनाना है और इस दिशा में सभी विभाग मिलकर लगातार काम कर रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पिछले 15 दिनों से पूरे राज्य में चलाया गया जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस अभियान को पूरे वर्ष चलाने का प्रयास किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार नशामुक्ति जागरूकता पुस्तिका का विमोचन भी किया।

समारोह में रांची की मेयर रोशनी खलखो, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने और युवाओं को जागरूक करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर नशा मुक्ति अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों, चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही झारखंड में पहली बार फाइनेंशियल सीजर की कार्रवाई करने वाले सनोज कुमार चौधरी को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।



सरकार ने लोगों से अपील की कि नशामुक्त झारखंड के निर्माण में प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए और समाज को इस अभियान से जोड़कर स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में योगदान दें।

Leave a Reply