
रांची: मुहर्रम के अवसर पर श्री महावीर मंडल, रांची महानगर द्वारा संकट मोचन हनुमान मंदिर, मेन रोड के समीप भव्य स्वागत शिविर का आयोजन किया गया। महानगर अध्यक्ष कुणाल अजमानी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और आपसी एकता का संदेश देना रहा।

स्वागत शिविर में मुहर्रम जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं एवं प्रतिभागियों के बीच पेयजल और बिस्कुट का वितरण किया गया। इसके साथ ही विभिन्न मुहर्रम समितियों के अखाड़ों के अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य गणमान्य लोगों का अंगवस्त्र और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, राज्यसभा सांसद महुआ मांझी सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने श्री महावीर मंडल द्वारा आयोजित इस स्वागत शिविर की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहज़ीब का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

वक्ताओं ने कहा कि रांची शहर हमेशा से भाईचारे, आपसी सम्मान और सामाजिक समरसता के लिए जाना जाता रहा है। श्री महावीर मंडल ने इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सभी धर्मों और समुदायों के पर्व-त्योहारों को प्रेम, शांति और सौहार्द के साथ मनाने का संदेश दिया है।

श्री महावीर मंडल, रांची महानगर के प्रवक्ता बादल सिंह ने कहा कि संस्था भविष्य में भी रांचीवासियों के साथ मिलकर सामाजिक एकता, सद्भाव और शांति बनाए रखने के लिए सकारात्मक भूमिका निभाती रहेगी।
इस अवसर पर दिलीप सोनी, बादल सिंह, रोहित शारदा, अजय बथवाल, अमरेंद्र सिन्हा पप्पू, देवेश अजमानी, पवन बजाज, धीरज तनेजा, नीतीश मिश्रा, अमन सिंह सहित श्री महावीर मंडल, रांची महानगर के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
