पेटरवार में मंत्री योगेंद्र प्रसाद का जनता दरबार और मेडिकल कैंप, सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनीं, लाभुकों को परिसंपत्तियों का वितरण

Spread the love

पेटरवार: शनिवार को पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद की पहल पर पेटरवार स्थित वन सभागार में मेडिकल कैंप एवं जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए और अपनी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।


जनता दरबार के दौरान बिजली, पेयजल, राजस्व, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मंत्री के निर्देश पर लोगों की शिकायतों की सुनवाई की। मंत्री ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य जनसेवा, आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन लगातार जारी रहेगा।

मेडिकल कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। मंत्री ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।

इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि मुकेश कुमार महतो, मनोहर मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा महतो, पेटरवार, गोमिया एवं कसमार के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचल अधिकारी (CO) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply