
रांची, 29 जून 2026: झारखंड सरकार की छात्र हितैषी योजनाओं के तहत सोमवार को रांची में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा ने TVS CM SOE जगन्नाथपुर, रांची क्लस्टर प्वाइंट पर 10 विद्यालयों के कुल 693 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को कोटा के प्रतिष्ठित संस्थानों, जैसे Motion Education, से जोड़कर विशेष कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि जिन छात्र-छात्राओं को विद्यालय की दूरी के कारण पढ़ाई में कठिनाई होती है, उनके लिए निःशुल्क साइकिल योजना बेहद लाभकारी साबित होगी और इससे स्कूल छोड़ने की दर में भी कमी आएगी।

अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत सरकारी विद्यालयों की कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की जा रही है। वर्ष 2026-27 के लिए रांची जिले में कुल 16,780 साइकिलों के वितरण की स्वीकृति दी गई है।

कार्यक्रम में समेकित जनजाति विकास अभिकरण, रांची की परियोजना निदेशक मनीषा तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, प्रखंड कल्याण पर्यवेक्षक एनुल हक, TVS CM SOE जगन्नाथपुर की प्राचार्य एवं प्रबंधन टीम सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
