
जमशेदपुर: चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड और शहर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में एनडीए द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद का शुक्रवार को व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा।

बिष्टुपुर, साकची, जुगसलाई, बर्मामाइंस और मानगो समेत कई इलाकों में दुकानें बंद रहीं। बड़े प्रतिष्ठानों के साथ-साथ चाय और नाश्ते की छोटी दुकानों ने भी अपने शटर नहीं खोले। बंद के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा और बाजारों में लोगों की आवाजाही भी काफी कम रही।

परिवहन व्यवस्था पर भी बंद का असर साफ दिखाई दिया। सुबह के समय कुछ ऑटो रिक्शा सड़कों पर नजर आए, लेकिन करीब नौ बजे के बाद उनका परिचालन भी बंद हो गया। निजी वाहनों को छोड़कर सार्वजनिक परिवहन लगभग पूरी तरह ठप रहा।

बंद के दौरान शहर के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। एनडीए ने हिमांशु सिंह हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग को लेकर यह बंद बुलाया है।

