
रांची: आदिवासी छात्र संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार (5 जुलाई 2026) को मोराबादी में केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उराँव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, भावी रणनीतियों और छात्र-छात्राओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आदिवासी छात्र संघ का 26वां स्थापना दिवस आगामी 8 जुलाई 2026 को केंद्रीय धूमकुड़िया, करमटोली, रांची में भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड के विभिन्न जिलों से संगठन के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बैठक के दौरान छात्र हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। संगठन ने प्रस्तावित परिसीमन और सरना कोड, लंबित छात्रवृत्ति के शीघ्र भुगतान तथा छात्रावासों में रसोइयों की कमी को दूर करने जैसे विषयों पर चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की।
केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उराँव ने कहा कि 26वां स्थापना दिवस संगठन के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। उन्होंने राज्यभर के आदिवासी छात्र-छात्राओं से इस कार्यक्रम और छात्र हितों के आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
बैठक में केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह संयोजक जलेश्वर भगत, रांची विश्वविद्यालय अध्यक्ष मनोज उराँव, केंद्रीय मीडिया प्रभारी सुमित उराँव, अरविंद टोप्पो, अनिल कच्छप, अमित तिग्गा, लक्ष्मण उराँव, संदीप उराँव, विवेक तिर्की सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
