रांची में सर्वजन पेंशन योजना के तहत 1.59 लाख लाभुकों के खाते में भेजी गई ₹63.74 करोड़ की राशि

Spread the love

रांची | 06 जुलाई 2026: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिला प्रशासन ने अप्रैल से जुलाई 2026 तक की चार महीने की पेंशन राशि का भुगतान शुरू कर दिया है। प्रथम चरण में जिले के 1 लाख 59 हजार 358 लाभुकों के बैंक खातों में ₹63 करोड़ 74 लाख 32 हजार की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई है। प्रत्येक लाभुक के खाते में चार महीने की पेंशन के रूप में ₹4,000 हस्तांतरित किए गए हैं।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर यह भुगतान किया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार योजना का उद्देश्य जिले के पात्र लाभुकों को समय पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन उपलब्ध कराना है।

इन प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों के लाभुकों को मिला भुगतान
प्रथम चरण में अरगोड़ा शहरी (6,722), बरगाई शहरी (3,905), बेड़ो (11,833), बुंडू (6,916), बुंडू नगर पंचायत (2,142), बुढ़मू (9,309), हेहल शहरी (5,714), इटकी (4,539), कांके (13,201), कांके शहरी (255), खलारी (4,108), लापुंग (6,133), मांडर (13,953), नगड़ी (5,877), नगड़ी शहरी (5,538), नामकुम (8,006), नामकुम शहरी (3,990), ओरमांझी (6,524), राहे (7,625), रातू (8,475), सिल्ली (12,952) और सोनाहातू (11,641) के लाभुकों के खातों में राशि भेजी गई है।


इन क्षेत्रों में भुगतान की प्रक्रिया जारी
जिला प्रशासन ने बताया कि अनगड़ा, चान्हो, तमाड़ और शहर अंचल के लाभुकों के लिए पेंशन भुगतान की प्रक्रिया अभी जारी है। इन क्षेत्रों के पात्र लाभुकों के खातों में भी जल्द राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।


जिनके खाते में राशि नहीं आई, वे क्या करें?


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के बैंक खाते में अब तक पेंशन राशि प्राप्त नहीं हुई है, वे सबसे पहले अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग सुनिश्चित करें। आधार लिंक नहीं होने पर DBT के माध्यम से राशि हस्तांतरित होने में समस्या आ सकती है।


इसके अलावा सभी लाभुकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने संबंधित प्रखंड या अंचल कार्यालय में भौतिक सत्यापन अवश्य कराएं। भौतिक सत्यापन पूरा होने से योजना का लाभ भविष्य में भी बिना किसी रुकावट के मिलता रहेगा।

शिकायत या सहायता के लिए संपर्क


रांची जिला प्रशासन ने जन शिकायत और सहायता के लिए ‘अबुआ साथी’ का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 जारी किया है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर लाभुक इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।


रांची जिला प्रशासन ने सभी पात्र लाभुकों से अपील की है कि वे आधार सीडिंग और भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी करें, ताकि सर्वजन पेंशन योजना का लाभ निरंतर मिलता रहे।

Leave a Reply