
कोलकाता/बारुईपुर: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन हिंसा के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की राइफल छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसे गोली लगी। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

4 जुलाई को 12 वर्षीय बच्ची लापता हुई थी। बाद में उसका शव एक तालाब से बरामद किया गया। पोस्टमॉर्टम में यौन उत्पीड़न की पुष्टि होने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने इस मामले में प्रभास मंडल और आनंद सरदार को गिरफ्तार किया था। प्रभास मंडल की मौत के बाद दूसरे आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ रही है।
